राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मार्ग दर्शक इंदरेश कुमार ने कहा कि गाय देश के गरीबों का सहारा है। 126 करोड़ जनसंख्या वाले भारत में करीब 120 करोड़ लोग गाय पर निर्भर हैं।
इसलिए गाय बचाने के लिए हिंदू-मुस्लिम दोनों समाज के लोगों को आगे आना चाहिए। शुक्रवार से पिरान कलियर में शुरू हुई मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने पहुंचे इंदरेश कुमार ने कहा कि गाय पालन से ही राष्ट्र फिर से विश्व गुरू बन सकेगा। इसलिए इसका पालन घर-घर में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गोकशी और तीन तलाक का कहीं कोई जिक्र कुरान में नहीं है।
गोकशी से करोड़ों लोगों को जहां दुख होता है, वहीं तीन तलाक के कारण एक करोड़ महिलाएं अत्याचार को सहन कर रही हैं, लेकिन कुछ लोग इस भ्रांति को मुस्लिम समाज में फैलाकर समाज एवं राष्ट्र का विकास बाधित करने का काम कर रहे हैं। इंदरेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तीन तलाक को खत्म कर कानून बनाने एवं गोकशी रोकने समेत कई मुद्दों पर कानून बनाए जाने के लिए प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पहले दिन संगठन की ओर से मुस्लिम समाज में अभियान के रूप में चलाए गए कार्यों की समीक्षा की। मौके पर मंच के राष्ट्रीय संयोजक, मोहम्मद अफजाल, अबूबकार नकवी एवं डा. शाहिद अख्तर, प्रदेश संयोजक डा. सदाकत, पूर्व वक्फ बोर्ड अध्यक्ष हाजी राव शराफत, संगठन मंत्री गिरीश जुयाल, पश्चिमी यूपी के संगठन मंत्री तुषारकांत, प्रांत संगठन मंत्री अनुराग त्रिपाठी, मोलाना इकबाल, मोलाना सुकमता, मोलाना इकबाल, जिला संयोजक फरद सिद्दीकी, गोरक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शौकीन अंसारी, गढ़वाल सहसंयोजक रईस खान आदि मौजूद रहे।