पंजाब विधानसभा चुनाव-2017 के लिए 4 फरवरी को राज्य के 1,97,49,964 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह ने वीरवार को एक जनवरी, 2017 तिथि के आधार पर तैयार अंतिम मतदाता सूची रिलीज की।
इनमें 18-19 साल के लगभग 9.6 लाख मतदाता पहली बार वोट डालेंगे, जोकि कुल मतदाताओं का 1.24 फीसदी हैं। वहीं, राज्य में पुरुष मतदाताओं की संख्या 10440310, महिला मतदाताओं की संख्या 9309274 और थर्ड जेंडर की संख्या 380 है।
20 जनवरी तक सभी वोटरों को उनके वोटर कार्ड सौंप दिए जाएंगे। राज्य में 4 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए 22600 पोलिंग बूथ बनाए जा रहे हैं। चुनाव अधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अंतिम मतदाता सूची के बारे में जानकारी देते हुए वीके सिंह ने बताया कि 7 सिंतबर, 2016 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में जहां मतदाताओं की संख्या 19214509 थी, उसमें फाइनल मतदाता सूची तैयार करते समय 535455 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है।
साढ़े नौ लाख युवा मतदाता पहली बार करेंगे मताधिकार का प्रयोग
अरविंद केजरीवाल, सुखबीर बादल
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के लिए राज्य की अनुमानित जनसंख्या 2 करोड़ 96 लाख है, जिसमें 1 जनवरी, 2017 को मतदाताओं की संख्या 1,97,49,964 दर्ज की गई है। इस लिहाज से राज्य के 98.94 प्रतिशत पात्र जनसंख्या को मतदाता के रूप में पंजीकृत कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि वोट बनाने के लिए पात्र मतदाताओं से गत 11 सितंबर और 25 सितंबर को पोलिंग स्टेशन स्तर पर विशेष कैंप लगाकर फार्म जमा किए गए थे। इस काम के लिए बीएलओ, सुपरवाइजर, एईआरओ, ईआरओ और डीआओ को काम सौंपा गया था। उन्होंने बताया कि 281 एनआरआई ने भी वोटर के रूप में अपना नाम दर्ज कराया है।
विधानसभा चुनाव के लिए पोलिंग स्टेशनों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस बार पोलिंग बूथों में वीडियो रिकार्डिंग, डिजिटल, वेब कास्टिंग की नवीनतम तकनीकों को बढ़ाया जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार, इस साल 22600 पोलिंग बूथों में से 2500 में वीडियोग्राफी की व्यवस्था होगी, जबकि 750 में डिजिटलाजेशन, 4000 में वेब कास्टिंग की व्यवस्था होगी।
7000 स्टेशनों पर माइक्रो आब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 8872 वीवीपीएटी मशीनों की आवश्यकता है, जिनमें से फिलहाल 2112 ही उपलब्ध हैं। बाकी मशीनों की व्यवस्था के प्रयास किए जा रहे हैं।