लखनऊ में गोमतीनगर विस्तार के ग्रीनवुड अपार्टमेंट स्थित फ्लैट में किराए पर रह रहे अभिजीत सिंह (34) ने रविवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक वह डिप्रेशन में रहता था। उसका पत्नी से किसी बात पर विवाद हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस जांच कर रही है।
अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर विस्तार बृजेश यादव के मुताबिक मूलरूप से गाजीपुर जिले के पतार निवासी गजेंद्र सिंह का बेटा अभिजीत ग्रीनवुड अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 1001 में रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी करता था। पिता गजेंद्र के मुताबिक अभिजीत इंडियन ओवरसीज बैंक में प्रबंधक के पद पर आजमगढ़ में तैनात था।
साथ ही सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा था। नौकरी के दौरान तैयारी में दिक्कत हुई तो उसने तीन साल पहले नौकरी छोड़ दी और लखनऊ में किराए का फ्लैट लेकर तैयारी करने लगा। उसकी शादी पांच साल पहले माधवी से हुई थी। चार साल का एक बेटा भी है।