मंडी अटेली। दिल्ली-सीकर नेशनल हाइवे-11 पर शनिवार को बजाड़ चौकी के समीप राजस्थान रोडवेज बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोटपुतली-बहरोड़ जिले के गांव परतापुर निवासी 50 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार पवन कुमार मजदूरी करने के लिए जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही राजस्थान रोडवेज बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक बेहद निर्धन परिवार से था और मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अटेली थाना प्रभारी सज्जन सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।