देश और दुनिया की तमाम बड़ी कंपनियों ने कानपुर आईआईटी समेत देश की अन्य आईआईटी के स्टूडेंटों पर भरोसा जताया है। यही वजह है कि इस बार कानपुर आईआईटी के प्री-प्लेसमेंट (इंटर्नशिप) ऑफर में 40 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है। 30 अगस्त तक 145 आईआईटीयंस (60 प्रतिशत) को प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिल चुका है, जबकि पिछली बार अगस्त तक का यह आंकड़ा 20 प्रतिशत के आसपास था। वहीं अगस्त तक का सर्वाधिक प्री-प्लेसमेंट ऑफर आईआईटी मुंबई का 60 प्रतिशत और आईआईटी खड़गपुर में का 55 प्रतिशत रहा है।
आईआईटी कानपुर में 12 अगस्त को कुछ नामी कंपनियों ने प्लेसमेंट ड्राइव कर करीब 40 स्टूडेंटों को सेलेक्ट किया था। इसके बाद 30 अगस्त तक 145 स्टूडेंटों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिल चुके हैं। अभी यह सिलसिला दिसंबर तक चलेगा। कंपनियां स्टूडेंटों को स्टाइपेंड (इंटर्नशिप के दौरान का खर्च) भी देंगी। वहीं पढ़ाई पूरी करने के बाद ही इन्हीं स्टूडेंटों को नौकरी के लिए भी फाइनल किया जा सकता है। सैमसंग, कोरिया, माइक्रोसाफ्ट, गूगल जैसी बड़ी कंपनियों ने प्री-प्लेसमेंट ऑफर किए हैं।
दिसंबर तक आएंगे ऑफर
प्री-प्लेसमेंट के ऑफर्स दिसंबर तक आते हैं। इस बार आईआईटी कानपुर में ड्राइव करने के लिए करीब दो सौ से ज्यादा कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाई है। इसलिए पूरी उम्मीद है कि दिसंबर तक बचे स्टूडेंटों को भी प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिल जाएंगे।
इसलिए हो रही बढ़ोतरी
विशेषज्ञों की मानें तो हाल में हुए जॉब सर्वे में पता चला है कि कंपनियां बड़ी संख्या में नौकरी के लिए स्टूडेंटों को हायर कर सकती हैं। इस कारण इन कंपनियों ने पहले से ही स्टूडेंटों को ऑफर कर अपनी कंपनी से जोड़ लिया है। अच्छा रिस्पांस देने वाले स्टूडेंटों को नौकरी भी ऑफर कर सकते हैं। इसके अलावा अपने यहां इंटर्नशिप कराने से कंपनियों को यह भी फायदा होगा कि जिन स्टूडेंटों को नौकरी के लिए फाइनल करेंगे, उन्हें फिर से ट्रेनिंग नहीं देनी पड़ेगी।
आईआईटी कानपुर स्टूडेंट प्लेसमेंट के चेयरमैन डॉ. श्याम नायर ने कहा ऑफिसप्री-प्लेसमेंट ऑफर्स में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी होना खुशी की बात है। जॉब के लिए हायरिंग में तेजी के संकेत मिलते ही कंपनियों ने भारतीय और खासतौर पर आईआईटीयंस को प्रेफर किया है।
-कानपुर आईआईटी के प्री-प्लेसमेंट में 40 प्रतिशत का इजाफा
-आईआईटी खड़गपुर, मुंबई और रुड़की के बाद आईआईटी कानपुर में भी ऑफर बढ़े