हरियाणा आवास बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव रविवार को पंचकूला में चल रहे चयनित जेबीटी शिक्षकों का अनशन खुलवाने पहुंचे। इस दौरान छह दिन से अनशन पर बैठे सात जेबीटी शिक्षकों में से तीन को जूस पिलाकर अनशन खुलवाया गया, जबकि अन्य का अनशन जारी है।
गौरतलब है कि पंचकूला के हैफेड ग्राउंड में पिछले 106 दिन से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने और छह दिन से चल रहे अनशन के दौरान पहली बार था जब सरकार का कोई प्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचा।
हालांकि अनशन पर बैठे तीन लोगों ने जूस पीने के बाद अनशन समाप्त कर दिया है, लेकिन पिछले छह दिनों से अनशन पर बैठे सात लोगों में से चार चयनित जेबीटी शिक्षक और रविवार से पांच अन्य जेबीटी शिक्षक भी अनशन पर बैठ चुके हैं।
जेबीटी शिक्षकों ने सरकार के प्रतिनिधि जवाहर यादव से स्पष्ट कहा कि कांग्रेस सरकार में चयनित किए गए 9455 जेबीटी शिक्षकों की ज्वाइनिंग की घोषणा तक अनशन और अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
गौरतलब है कि शनिवार को महिला शिक्षक सोनिया की तबीयत बिगड़ गई थी। उसके बाद से स्थानीय पुलिस प्रशासन और सरकार हरकत में दिख रही है। संगठन के प्रवक्ता किशोर जावलिया ने कहा कि सभी जेबीटी शिक्षकों की ज्वाइनिंग तक अनशन और धरना जारी रहेगा।
इन तीन ने तोड़ा, नौ अब भी अनशन पर
जेबीटी शिक्षकों के अनिश्चितकालीन धरने के 100वें दिन 15 मार्च को अंबाला वासी चयनित जेबीटी शिक्षिका सोनिया, जींद से संदीप कुमार, संदीप पिलानिया, झज्जर से मंदीप सिंह, पलवल से दिनेश कुमार, अमित वर्मा और धर्मवीर लठवाल अनशन पर बैठे थे।
सरकार के प्रतिनिधि जवाहर यादव ने सोनिया, संदीप पिलानिया और अमित वर्मा का अनशन जूस पिलाकर खत्म करवाया, जबकि इनके अन्य चार साथियों के अलावा अन्य पांच जेबीटी शिक्षक विनोद वत्स, संदीप राजपूत, वीरेंद्र गोयत धर्मेंद्र स्वामी और किशोर जावलिया अनशन पर बैठ गए हैं।
मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री दोनों चाहते हैं कि इनकी जल्द ज्वाइनिंग हो और स्कूलों में ड्यूटी दें, लेकिन सरकार हाईकोर्ट के फैसले का इंतजार कर रही है, वहां से निर्णय आते ही इन्हें ज्वाइन कराया जाएगा। सरकार इनके पक्ष में मजबूती से उच्च न्यायालय में पैरवी कर रही है।
इस भर्ती के खिलाफ सरकार नहीं, बल्कि वे लोग कोर्ट गए थे, जिन्होंने हुड्डा सरकार में जेबीटी शिक्षकों के चयन पर सवाल उठाया था। सरकार जेबीटी शिक्षकों के साथ है।
-जवाहर यादव, चेयरमैन, हरियाणा आवास बोर्ड।