हिंदू नव वर्ष के उत्साह को और खास बनाने के लिए उदयपुर की भारतीय नववर्ष समाजोत्सव समिति और हिन्दू जागरण मंच ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। समिति इस बार देशभर की सुर्खियों में चल रहे बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को उदयपुर पधारने का निमंत्रण दिया है। इसके लिए समिति की ओर से गांधी ग्राउंड में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।
सभी जानते हैं कि हिंदू कैलेंडर पूरी तरह से विज्ञान पर आधारित है। यही कारण है अंतरिक्ष या किसी भी वैज्ञानिक अनुसंधान में हिंदू पंचांग को ही महत्व दिया जाता है। उदयपुर में हर साल नव वर्ष के शुभारंभ पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में इस बार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को उदयपुर पधारने का निमंत्रण भेजा गया है।
कलश यात्रा निकालेंगी 30 हजार महिलाएं
समाजोत्सव समिति उदयपुर महानगर के संयोजक कपिल चित्तौड़ा ने बताया कि यह कार्यक्रम भारतीय नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 2080 के उपलक्ष्य में हो रहा है। 23 मार्च 2023 को उदयपुर के गांधी ग्राउंड में बागेश्वर धाम के राष्ट्रीय संत पंडित धीरेंद्र शास्त्री पधारेंगे। शाम 6 बजे से यहां आयोजित भव्य सभा को संबोधित करेंगे। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सभा से पहले उदयपुर में तीन स्थानों से 30 हजार महिलाएं कलश यात्रा निकालेंगी।