झज्जर। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने एजुकेशन एनकरेजमेंट फॉर एक्सीलेंस (ईईई) छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों का डेटा 30 नवंबर तक वन स्कूल एप पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। योजना का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को समय पर प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराना है।
ईईई योजना के तहत छठी से 12वीं कक्षा तक के उन विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है, जिन्होंने पिछली कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया हो। प्रत्येक कक्षा में लड़कों और लड़कियों की श्रेणी से एक-एक विद्यार्थी को पुरस्कार देने का प्रावधान है।
निदेशालय ने 12 अक्तूबर 2026 को जारी पत्र का हवाला देते हुए जिला शिक्षा अधिकारियों को पात्र विद्यार्थियों का डेटा तैयार कर पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी पात्र विद्यार्थियों का विवरण निर्धारित समय सीमा में अपलोड हो जाए, ताकि छात्रवृत्ति वितरण में देरी न हो।