प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही भाजपाइयों ने थानों में हंगामा काटना शुरू कर दिया है। रविवार को लेनदेन के झगड़े में आरोपी पक्ष की तरफ से कूदे भाजपाइयों ने दरोगा से अभद्रता करते हुए चेतावनी दे दी कि ऐसी जगह भिजवाएंगे, जहां ढंग से पानी भी नहीं मिलेगा। दरोगा ने भी जवाब दिया कि भाजपा की सरकार आ गई तो क्या पाकिस्तान भिजवा दोगे।
गांव पोहल्ली, सरधना निवासी दूध व्यापारी राजेश कुमार ने दायमपुर कंकरखेड़ा में डेरी चलाने वाले बाबूराम से तीन साल पूर्व 70 हजार रुपये उधार लिए थे। तय हुआ था कि राजेश डेरी पर दूध देकर यह रकम चुका देगा। लेकिन 35 हजार रुपये अभी तक बाकी थे। जिसको लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। राजेश का आरोप है कि रविवार को वह नंगलाताशी आया था तो बाबूराम आदि ने उससे बाइक और 20 हजार रुपये छीन लिए। वह इसकी तहरीर लेकर थाने पहुंच गया।
पुलिस ने बाबूराम को फोन कर बुलाया तो उसके साथ भाजपा मंडलाध्यक्ष ठा. ओपी सिंह दर्जनों कार्यकर्ताओं को लेकर थाने पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस अभी पूछताछ करती, इससे पहले ही ओपी सिंह ने एसएसआई विनोद कुमार को धमकाना शुरू कर दिया। बराबर में बैठे दरोगा मुकेश ने इसका विरोध किया तो भाजपाइयों ने हंगामा कर दरोगा को उल्टी सीधी सुनानी कर दी। ओपी सिंह ने दरोगा से कहा कि क्या पता नहीं कि अब प्रदेश में भाजपा सरकार है। मामला लूटपाट का नहीं, लेनदेन का विवाद है। ऐसे में कोई कार्रवाई नहीं बनती। दरोगा ने कहा कि यदि लेनदेन का मामला था तो बाबूराम थाने में आकर शिकायत करता, ऐसे बाइक और पैसे छीनना गलत है।
गालीगलौज, वर्दी खींचने की कोशिश
दरोगा और मंडलाध्यक्ष के बीच तीखी झड़प हो गई। भाजपाइयों ने गालीगलौज करते हुए दरोगा की वर्दी खींचने का प्रयास किया। वहीं, दरोगा भी अड़ते हुए बोला कि दरोगा की पावर का अंदाजा नहीं है। बिगड़ गया तो भारी पड़ूंगा। जिस पर मंडलाध्यक्ष ने दरोगा को धमकी दी कि अब भाजपा की सरकार बन गई है। तुझे ऐसी जगह भिजवाएंगे कि पानी भी ठीक से न मिले। इस पर दरोगा ने जवाब दिया कि भाजपा की सरकार आ गई तो क्या पाकिस्तान भिजवा दोगे। जहां जाऊंगा, अपने देश में ही नौकरी करूंगा। काफी हो हल्ला के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
...पांच साल में क्या होगा
भाजपाइयों के इस हंगामे के वक्त लखनऊ में मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह खत्म हुआ था। दरोगा ने भाजपाइयों से कहा कि अभी तो शपथ ग्रहण भी ठीक से नहीं हुुआ। अभी से भाजपाइयों ने गुंडई दिखानी शुरू कर दी। पांच साल में पता नहीं क्या आलम होगा। पुलिस वालों को काम भी करने देंगे या नहीं।
एसएसआई विनोद कुमार ने बताया कि राजेश ने बाबूराम के पैसे लौटा दिए हैं। दोनों में समझौता हो गया है। बाबूराम को भी कोई अनुचित काम न करने की चेतावनी है। भाजपाइयों ने अनुचित ढंग से कार्रवाई न करने के लिए दबाव बनाया था।
भाजपा मंडलाध्यक्ष ठा. ओपी सिंह ने बताया कि पुलिस बिना बात ही बाबूराम पर कार्रवाई करना चाहती थी। जबकि दोनों पक्ष समझौते के लिए तैयार थे। इसी बात पर थोड़ी बहुत कहासुनी हो गई थी। ज्यादा विवाद नहीं हुआ।