गृह मंत्री प्रीतम सिंह ने कुमाऊं मंडल की कानून व्यवस्था समीक्षा बैठक में बढ़ते अपराधों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने बढ़ते अपराधों पर अधिकारियों को फटकार भी लगाई। अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि क्राइम कंट्रोल के लिए मुझे परिणाम चाहिए।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित मंडल स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक में गृह मंत्री ने कहा कि अपराधों की दृष्टि से ऊधमसिंह नगर और नैनीताल अति संवेदनशील हैं, इन जनपदों में कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी जाए। ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में हत्या, लूट, डकैती, वाहन चोरी, अवैध खनन, बलात्कार, अपहरण जैसे अपराधों में वृद्धि पर चिंता जताते हुए उन्होंने दोनों जिलों के कप्तानों को अपराधों पर लगाम लगाने के लिए ठोस रणनीति बनाने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुझे परिणाम चाहिए।
अपराध दर में बढ़ोतरी स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि रात्रि गश्त बढ़ाई जाए ताकि चोरी-डकैती जैसी घटनाओं पर रोक लग सके। जिलों में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए आधुनिक उपकरण दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनपद नैनीताल पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। अपराध बढ़ने से पर्यटन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा इसलिए इन अपराधों पर तीव्रता से अंकुश लगाते हुए जनता के बीच यह संदेश जाना चाहिए कि नैनीताल एक सुरक्षित पर्यटन स्थल है।
जनपद ऊधमसिंह नगर की समीक्षा में गृह मंत्री ने कहा यह जनपद इंडस्ट्रीयल एरिया के रूप में विख्यात है। यहां लोग तभी कार्य करना पसन्द करेगें जब वे अपने आप को सुरक्षित महसूस करेगें। उन्होंने एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले से कहा हत्या, लूट, डकैती, वाहन चोरी, अवैध खनन और महिला अपराधों पर रोक लगाने के लिए ठोस कार्य योजना बनायें। साथ ही अपराधियों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्यवाही अमल में लायी जाये।
उन्होंने पड़ोसी राज्यों की पुलिस से समन्वय बनाने को कहा। उन्होंने खनन सम्बन्धी अपराधों पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता हैं क्योंकि इससे गैंगवार जैसे अपराध को बढ़ावा मिलता है। कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों को कतई न बख्शा जाय। उन्होंने जिलाधिकारी एवं एसएसपी उधमसिंह नगर को निर्देश दिये कि आत्मरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए व्यापारी वर्ग के लोगों को शस्त्र लाईसेंस उपलब्ध कराये जायें।
सिंह ने आश्वस्त किया कि ऊधमसिंह नगर में सीपीयू के गठन की व्यवस्था जल्द की जायेगी। वे इस सम्बन्ध में शीघ्र मुख्यमंत्री से बात करेंगे। गृह मंत्री ने डीआईजी को निर्देश दिये कि अच्छा कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत किया जाये।
बैठक में डीआईजी कुमाऊं मंडल पीएस सैलाल, जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले, एडीएम दीप्ति वैश्य, एएसपी रुद्रपुर पंकज भट्ट, एएसपी काशीपुर कमलेश उपाध्याय, एसपी चंपावत डीएस कुंवर, एसपी अल्मोड़ा करन सिंह नागन्याल, एएसपी नैनीताल यशवंत सिंह आदि उपस्थित थे।
मुझे गृहमंत्री पद का शौक नहीं
ऊधमसिंह नगर में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ने पर गृहमंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने कहा मुझे गृहमंत्री बनने का शौक नहीं। मेरी भी जवाबदेही है। लिहाजा अपराधों में बढ़ोत्तरी बर्दाश्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा विधानसभा सदन में विपक्ष जिले में बढ़ते अपराधों का जवाब मांगता है, ऐसे में अफसरों की ढिलाई से सरकार की किरकिरी होती है। यह बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
बेहड़ के धरने पर जताया अफसोस
पूर्व प्रधान छोटे लाल के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ द्वारा बुधवार को दिये गये धरने पर गृहमंत्री ने अफसोस जताते हुए कहा कि पूर्व मंत्री का पुलिस के खिलाफ धरना यह साबित करता है कि पुलिस कहीं नहीं कहीं अपना काम ठीक से नहीं कर रही। उन्होंने पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
संगीन मामलों का निष्पक्षता से करें वर्कआउट
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान गृहमंत्री ने कहा हत्या लूट, डकैती जैसी संगीन वारदातों पर कठोरता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करने को कहा। उन्होने कहा ऐसे मामलों में दोषी चाहे किसी भी पार्टी का हो उसे बख्शा न जाये। दोषियों पर पारदर्शिता से कार्रवाई करें। तभी जनता के बीच पुलिस की छवि सुधरेगी।
कसाना को लेकर एसएसपी की क्लास
लाईन हाजिर चल रहे चर्चित दरोगा रजत कसाना को पूर्व प्रधान हत्याकांड में खुलासे की जिम्मेवारी सौंपने का मामला संज्ञान में आने पर गृहमंत्री ने एसएसपी को आड़े हाथों लिया। उन्होने कहा लाईन हाजिर चल रहे कसाना को इस मामले में मध्यस्थता के लिए लगाना संदिग्ध भूमिका कलो उजागर करता है। उन्होने इस मामले में कसाना पर लग रहे आरोपों की जांच के निर्देश भीलदिये।
गृह मंत्री ने माना खनन और प्रॉपर्टी विवाद अपराध की जड़
समीक्षा बैठक में गृह मंत्री ने स्वीकार किया कि उधम सिंहनगर में खनन और प्रॉपर्टी विवाद अपराधों की जड़ हैं। उन्होने अधिकारियों से कहा ऐसे मामलों सतर्कता दिखाते हुए ऐसे मामलों एवं मामले से जुड़े लोगों को चिन्हित कर कार्यवाही के निर्देश दिये।
महिला सुरक्षा पर दें विशेष ध्यान
गृह मंत्री ने महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होने कहा कि महिलाओं के साथ बलात्कार, छींटाकसी और उनके उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनायें।