आग की इस घटना में सात कमरे पूरी तरह जल कर राख हो गए।
- फोटो : Demo Pic
किन्नौर जिले के डेट सुंगरा में रविवार सुबह करीब 4 बजे अचानक लकड़ी के मकान में आग लगने से दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में सात कमरे पूरी तरह से जल गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 4 बजे डेट सुंगरा निवासी दौलत राम नेगी के घर में अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते पूरा मकान जल गया। आग लगते ही सुंगरा, लुतुक्सा, निचार, पौंडा, बरी, कंगोस, कफोर और बारो सहित कई अन्य क्षेत्रों के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने आग को बुझाने का प्रयास किया। आग इतनी भयानक थी कि बाद में नाथपा झाकड़ी और जेएस डब्ल्यू की दमकल टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू किया।
आग लगने की सूचना सबसे पहले एनजेपीसी के सुरक्षा कर्मी ओमकार चंद ने भावानगर थाना को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी भावानगर प्रकाश नेगी की अगुवाई में पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। आस से किराएदार स्वरूप सिंह, जवाहर ठाकुर, रवि और मोहनवीर नेगी का सामान भी जलकर राख हो गया है । एसपी किन्नौर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट ही माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मौके पर भेजी है राजस्व विभाग की टीम- तहसीलदार भावानगर राजेश भंडारी ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर दस हजार की राशि दे दी है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब 20 लाख के नुकसान का आंकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्व टीम मौके पर जायजा के लिए भेजा गया है ।