इटावा। महोत्सव एवं प्रदर्शनी 2025 के तत्वाधान में शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज इटावा के प्रांगण में बालक- बालिका वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में अंडर- 14 सब जूनियर बालक वर्ग का उद्घाटन मैच लीडर्स इंटरनेशनल इंटर कॉलेज इटावा एवं हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज जसवंतनगर के बीच खेला गया। इसमें हिंदू विद्यालय ने पांच अंक के मुकाबले 30 अंक प्राप्त कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरी ओर, जीआईसी इटावा को बाई मिलने के कारण फाइनल में पहुंच गया और फाइनल मैच हिंदू विद्यालय जसवंत नगर व जीआईसी के बीच खेला गया।
हिंदू विद्यालय जसवंतनगर ने आठ के मुकाबले 21 अंक प्राप्त कर जीत हासिल की। अंडर-17 बालक वर्ग में चार टीम पंजीकृत हुई। जिसमें राजकीय आश्रम पद्धति एवं हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज जसवंतनगर के बीच मैच हुआ। हिंदू विद्यालय ने 15 अंक के मुकाबले 26 अंक प्राप्त कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरा मैच मनभावती कुंवर जन सहयोगी बसरेहर एवं चौधरी सुघर सिंह इंटर कॉलेज जसवंतनगर के बीच में खेला गया।
इसमें मन भावती कुंवर जन सहयोगी बसरेहर चौधरी सुघर सिंह को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस वर्ग का फाइनल मैच हिंदू विद्यालय एवं मनभावती जन सहयोगी के बीच में रहा जिसमें हिंदू विद्यालय ने 19 अंक लेकर प्रथम स्थान हासिल किया। एडीआईओएस डॉ. मुकेश यादव, आश्रम पद्धति विद्यालय कांधनी के प्रधानाचार्य डॉ. निर्मलचंद्र बाजपेई, भूमि संरक्षण अधिकारी प्रमोद कुमार, क्रीड़ा प्रभारी अंबुज दुबे, सुशील यादव, वृंदावन वर्मा रहे। संचालन शिक्षक बीके पाल ने किया।