झज्जर। गुलिया क्रिकेट अकादमी बहादुरगढ़ ने यूनीक स्पोर्ट्स क्लब एकादश को 10 रन से हराकर मुकाबला जीत लिया। निजी क्रिकेट अकादमी के मैदान पर खेले गए मैच में दीपांशु को चार विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुलिया क्रिकेट अकादमी की टीम 37.1 ओवर में 161 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मयंक जाखड़ ने 71 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाए। देव और मनु सैनी ने तीन-तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूनीक स्पोर्ट्स क्लब की टीम 39.5 ओवर में 151 रन पर सिमट गई। नवीन राज ने 62 गेंदों में छह चौकों की मदद से 42 रन बनाए। दीपांशु ने चार और रितेश यादव ने तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।