झज्जर। जिला खजाना और उप खजाना कार्यालयों से पेंशन लेने वाले पेंशनभोगी अब स्मार्टफोन के माध्यम से भी जीवन प्रमाण पत्र जमा करवा सकते हैं। जिला कोषाधिकारी संजय फोगाट ने बताया कि यह सुविधा एक नवबंर से संबंधित खजाना कार्यालयों के अलावा डाकघरों, कॉमन सर्विस सेंटरों और अटल सेवा केंद्रों पर भी उपलब्ध है।
डाकघरों से घर पर यह सुविधा लेने के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा, जबकि स्मार्टफोन से जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की सुविधा निशुल्क है।
उन्होंने बताया कि पेंशनभोगी या उनके परिवार का कोई सदस्य स्मार्टफोन में जीवन प्रमाण फेस ऐप और आधार फेस आरडी ऐप इंस्टॉल करके ऑनलाइन प्रमाण पत्र जमा कर सकता है। इससे पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।