झज्जर। दादरी तोए स्थित रिलायंस मेट सिटी में 25 अक्तूबर को पहली इंटरनेशनल हाफ मैराथन होगी। इसमें आसपास के क्षेत्रों के धावक हिस्सा लेंगे। आयोजन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस और दौड़ के प्रति प्रोत्साहित करना है।
सीईओ मनीष जायसवाल ने बताया कि मैराथन में 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर टाइम्ड रन और पांच किलोमीटर फन रन/वॉक की श्रेणियां होंगी। 21.1 और 10 किलोमीटर रेस के लिए कुल करीब नौ लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। हाफ मैराथन के महिला और पुरुष वर्ग के विजेताओं को एक-एक लाख रुपये मिलेंगे।
हाफ मैराथन सुबह 6:30 बजे शुरू होगी। 10 किलोमीटर रेस सुबह सात बजे और पांच किलोमीटर रेस सुबह 7:30 बजे शुरू होगी। हाफ मैराथन में 18 वर्ष या अधिक उम्र के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। 10 किलोमीटर के लिए न्यूनतम उम्र 15 वर्ष और पांच किलोमीटर के लिए 12 वर्ष है। आयोजकों के अनुसार, 23 और 24 अक्तूबर को बीआईबी एक्सपो के दौरान सीमित संख्या में मौके पर पंजीकरण भी होगा।