जम्मू के एक स्कूल बस में लगी आग
- फोटो : एएनआई
जम्मू स्थित एक निजी स्कूल बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बस स्कूल परिसर में खड़ी थी। इस बीच उससे अचानक धुंआ उठने लगा। इसके बाद कुछ ही देर में उस पर आग भड़क उठी। इससे पूरी बस जल गई। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक बस में आग लगने की सूचना के बाद उसे तुरंत स्टॉप ने बुझा लिया था। स्कूल के अंदर सभी छात्र और शिक्षक सुरक्षित है।
उधर, रियासी जिला मुख्यालय के साथ लगती ग्रामोड़, माड़ी, ज्योतिपुरम तथा सलाल के जंगलों में लगी आग ने जमकर तबाही मचाई। इससे लाखों की वन संपदा को नुकसान पहुंचा। उधर, ग्रामीण क्षेत्र पौंसली में भी आग लगने की घटना हुई। यहां आग ने एक कच्चे मकान को चपेट में ले लिया। यहां जानवरों में बाड़े में आग लगी थी।
यहां एक मवेशी की मौत हो गई। वीरवार दोपहर से ही पहाड़ियों पर से धुआं निकल रहा था। देर शाम के बाद लपटें साफतौर पर दिखाई देने लगीं। तेज हवा चलने पर आग तेजी से फैली। रात दस बजे के करीब जंगल में दूर तक फैल चुकी थी। बताया जाता है कि एक समय पर आग की लपटें माड़ी में रिहायशी इलाके तक पहुंच गई थीं।
मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के वाहन ने आग को बुझाया। सूचना पर जिला वन अधिकारी ज्योत्सना सरकार आदि भी पहुंचे। देर रात तक आग को बुझाने का काम जारी था। अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अगर किसी ने जंगल में आग लगाई होगी तो उस पर कार्रवाई होगी। शुक्रवार दोपहर को भी जंगल से धुआं उठते देखा गया।