250 क्विंटल सरकारी गेहूं के गबन में पीसीएफ के जिला प्रबंधक समेत चार पर रिपोर्ट
खुर्जा। अरनिया थाना क्षेत्र में पिछले साल क्रय केंद्र से 250 क्विंटल गेहूं गायब करने के मामले में पीसीएफ के जिला प्रबंधक, दो ट्रांसपोर्टर और एक कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। क्रय केंद्र प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई कर जांच शुुरू कर दी है।
साल 2021-22 में मूल्य समर्थन योजना के तहत गेहूं क्रय एजेंसी पीसीएफ की ओर से जावल गांव में क्रय केंद्र स्थापित किया गया था। अलीगढ़ के राजेंद्र पाल को केंद्र प्रभारी बनाया गया था। उनके कार्यकाल में 13 अप्रैल 2021 से 15 जून 2021 तक कुल 234 किसानों से 8,68,370 कुंतल गेहूं खरीदा गया। 27 अप्रैल से 22 जून 2021 तक 40 ट्रकों में सारा गेहूं एफसीआई (फूड कॉपोरेशन ऑफ इंडिया) को भेजा गया।
राजेंद्र पाल ने बताया कि तीन महीने बाद उनके पास पीसीएफ कंपनी से नोटिस आता है कि 7 मई 2021 को एक ट्रक में भेजा गया 250 कुंतल गेहूं एफसीआई को नहीं मिला। उन्हें गेहूं की रकम जमा करनी होगी, नहीं तो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। राजेंद्र ने मुकदमे के डर से 250 कुंतल गेहूं का शुल्क जमा करा दिया। इसके बाद सभी दस्तावेज के साथ थाने में शिकायत दी।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और सभी दस्तावेज की जांच के बाद थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। इसमें पीसीएफ कंपनी के जिला प्रबंधक अखिलेश सिंह, ट्रक चालक सनील कुमार, ट्रांसपोर्टर और अन्य कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी और रुपये को हड़पने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।