मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने ‘प्रसाद’ योजना के तहत जिला ऊना में चिंतपूर्णी देवी मंदिर के विकास के लिए 50 करोड़ की एक परियोजना मंजूर की है।
इस प्रस्तावित परियोजना से प्रदेश चिंतपूर्णी में पर्यटकों के लिए अधोसंरचना और मूलभूत सुविधाओं को विकसित करने में सक्षम होगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन राम सुभग सिंह ने पर्यटन मंत्रालय में प्रस्तुति दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में तीर्थ स्थान के समीप भीड़भाड़ है और पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। प्रस्तावित परियोजना के तहत तीर्थ यात्रियों के लिए मंदिर परिसर के निकट मूलभूत सुविधाओं को विकसित करने, मार्गों के सुधार, प्रदूषण रहित जन ट्रैफिक प्रणाली को आरंभ करने, नए
वैकल्पिक मार्ग, विकलांग मित्र अधोसंरचना, दर्शन, कीर्तन आदि के लिए तीर्थ यात्रियों के लिए एक नए खंड को विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। एशियन विकास बैंक की सहायता प्राप्त परियोजना के तहत
चिंतपूर्णी में पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से गत वर्ष 52 करोड़ रुपये का पर्यटन स्वागत केंद्र (टीआरसी) और पार्किंग परियोजना निर्मित की थी। चिंतपूर्णी देवी मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है और प्रतिवर्ष यहां जिला ऊना में लगभग 16 लाख पर्यटक आते हैं।