गांव में काम करती बिजली विभाग की टीम
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के अलीगंज तहसील क्षेत्र के गांव नगला तुलई में आजादी के बाद से विद्युतीकरण नहीं किया गया। हर बार दिवाली यहां दीपक और मोमबत्ती जलाकर मनती थी। इस बार विद्युतीकरण हो गया है। गांव की यह पहली दिवाली होगी जो बिजली की रोशनी में मनाई जाएगी।
लालटेन और मोमबत्ती से रोशन होती थी दिवाली
कस्बा राजा का रामपुर से महज 600 मीटर की दूरी पर ग्राम पंचायत पहरा का गांव नगला तुलई है। कुल 40 घरों वाले इस गांव की आबादी लगभग 500 की है। आजादी के बाद से यहां पिछले साल तक विद्युतीकरण नहीं हुआ था। आम दिनों में जहां लोग लालटेन और मोमबत्ती की रोशनी से काम ही चलाते हैं। लेकिन दिवाली पर चारों ओर के गांवों की चकाचौंध देखकर गांव के लोग निराश हो जाते थे। गांव की समस्या सामने आने के बाद यहां विद्युतीकरण कराया गया। पूरे गांव में जगह-जगह खंभे लगाकर तार डलवा दिए गए हैं। बिजली निगम की तरफ से यहां पर कनेक्शन किए जा रहे हैं। आठ लोगों ने आवेदन कर दिए हैं। एसडीओ सोनू कुमार ने बताया कि नगला तुलई में विद्युतीकरण का काम कर लिया गया है। इस बार की दीवाली बिजली की रोशनी के साथ मनाई जाएगी।
ये भी पढ़ें - सात साल के बेटे की हत्या: गला घोंटते हुए नहीं कांपे पिता के हाथ, पुलिस ने खोला खौफनाक वारदात का राज
विधायक निधि से करवाया गया है काम
अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने अपनी निधि से बिजली विभाग को 9 लाख 93 हजार की रकम देकर गांव में विद्युतीकरण का काम करवाया है। विधायक ने बताया कि किसी और मजरे में अभी तक बिजली नहीं पहुंची है, वहां पर भी जल्द ही काम कराया जाएगा।
पिछली दिवाली पर लगाया गया था जेनरेटर
पिछली साल भी गांव में बिजली न होने का मुद्दा उठा था। इसके बाद शासन के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन ने गांव में दो जेनरेटर लगवाए थे। इसके जरिए 30 लाइटें लगवाकर दीपोत्सव पर तीन दिन रोशनी की गई। इसके बाद जेनरेटर हटवा दिए गए।
ये बोले लोग
अनिकश्री ने बताया कि ग्रामवासी अब हमारे गांव में बिजली आ गई है। जिससे अब हमारे बच्चों की पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। शादी होने में भी दिक्कत नहीं आएगी। बिजली आने से हम लोग बहुत खुश हैं। वहीं अर्जुन सिंह ने बताया कि 'हम मजदूर लोग हैं, अब गर्मियों में काम करने के बाद रात में पंखे में आराम कर लिया करेंगे। मोबाइल फोन को चार्ज करने के लिए राजा का रामपुर नहीं दौड़ना पड़ेगा।'