फोटो-55: नगर परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन राजपाल उर्फ पालेराम शर्मा।
बहादुरगढ़। नगर परिषद में करीब दो माह से रिक्त पड़े वाइस चेयरमैन पद पर जल्द चुनाव होगा। शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने डीसी को पत्र लिखकर चुनाव जल्द कराने के निर्देश दिए थे। डीसी ने बुधवार को बहादुरगढ़ के एसडीएम को वाइस चेयरमैन पद के चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त कर दिया है। अब एसडीएम सभी पार्षदों की बैठक बुलाकर चुनाव संपन्न कराएंगे। फिलहाल एसडीएम की ओर से चुनाव की कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है।
प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया शुरू किए जाने के साथ ही भाजपा के अंदरखाने लॉबिंग तेज हो गई है। वहीं, कांग्रेस, इनेलो और अन्य पार्षद भी अपनी संभावनाएं तलाश रहे हैं। ऐसे में चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। हालांकि, अब तक वाइस चेयरमैन पद के लिए किसी भी उम्मीदवार ने आधिकारिक रूप से दावेदारी पेश नहीं की है।
15 मई को तत्कालीन वाइस चेयरमैन राजपाल उर्फ पालेराम शर्मा के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया था। नगर परिषद कार्यालय में आयोजित बैठक में भाजपा, कांग्रेस और इनेलो सहित कुल 26 पार्षदों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया था। किसी भी पार्षद ने प्रस्ताव का विरोध नहीं किया जिसके बाद राजपाल शर्मा को वाइस चेयरमैन पद से हटा दिया गया था। नियमों के अनुसार, अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के छह माह के भीतर नए वाइस चेयरमैन का चुनाव कराना अनिवार्य है।
फोटो-55: