मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मंगलवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्र में ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर नमाज अदा करने के बाद एक दूसरे को गले मिलकर बधाइयां दीं।
इस दौरान कुर्बानी का दौर जारी रहा। सेक्टर-8, निठारी, भंगेल समेत कई बाजारों में रौनक दिखी। नमाज अदा करने के लिए सेक्टर-8 स्थित बड़ी मस्जिद (जामा मस्जिद), सेक्टर-31 निठारी मस्जिद पर सुबह से मुस्लिम समुदाय के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
उन्होंने अल्लाह की इबादत कर अमन और चैन की दुआ मांगी। कई लोगों ने मस्जिद की छतों और हरौला में सड़कों पर नमाज पढ़ी। इस दौरान राहगीरों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने रूट डायवर्ट कर दिया।
इमाम मुफ्ती राशिद ने बताया कि ईद-उल-जुहा त्याग, समर्पण और ताकत की निशानी है। सेक्टर- 8 के बाजार में देर रात तक भीड़ दिखी।
जिलाधिकारी एनपी सिंह समेत पुलिस के आला अफसर भी मौजूद रहे। भीड़ को देखते हुए सेक्टर-8 की जामा मस्जिद और सेक्टर-9 की मस्जिद के आसपास की सड़कों पर रूट डायवर्जन रहा।
सुबह 6:00 से 9:00 बजे तक आसपास की सड़कों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहा। कई प्वाइंट पर बेरिकेड लगाए गए थे। नमाज की समाप्ति के बाद यातायात दोबारा से बहाल हो गया।