मुजफ्फरपुर में डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने इनकाउंटर, बुल्डोजर और संपत्ति जब्ती जैसी कड़ी कार्रवाई का ऐलान किया। साथ ही राजद कांग्रेस पर भी तेज निशाना साधा।
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी प्रखंड क्षेत्र में हाल ही में हुई घटनाओं के बाद, बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा पीड़ित परिवार से मिले और मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद और पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
‘इनकाउंटर और बुल्डोजर चलाने से पीछे नहीं हटेंगे’
डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अपराधी और बलात्कारियों के प्रति किसी प्रकार की सहानुभूति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन अपराधियों के खिलाफ जो भी कदम उठाएगा, वह बिना किसी रोक टोक के आगे बढ़ेगा। इनकाउंटर करने, बुल्डोजर चलाने और संपत्ति जब्त करने तक के कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधियों का नाम निशान मिटा दिया जाएगा। डिप्टी CM ने SKMCH मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुई घटना के संबंध में कहा कि जांच जारी है और जांच के बाद और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने तेजस्वी यादव पर कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी के लोग सुधर जाएं, तो बिहार में राजवल्लभ यादव जैसे लोग जेल में और उनकी पत्नी सदन में न होते, जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। राजद के विधायक और मंत्री के खिलाफ राहुल सहनी ने आरोप लगाए थे, और उस वक्त हमने विपक्षी नेता के रूप में पीड़ितों से मिलकर उनकी मदद की थी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि तेजस्वी यादव एक तरफ अपराधियों को बचाते हैं, वहीं दूसरी तरफ ऐसे लोगों का मनोबल बढ़ाते हैं। यह दोहरा रवैया अब चलेगा नहीं। उन्होंने साफ कहा कि जब तक राजद और कांग्रेस के लोग संकल्प नहीं लेंगे, तब तक बिहार से अपराध आधा भी नहीं घटेगा। दोनों दलों के लोगों को अपराधियों की मदद करना बंद करना होगा।