बहादुरगढ़। संत कबीर बस्ती संघर्ष समिति वार्ड-31 के पदाधिकारियों ने कबीर बस्ती चौक पर सड़क किनारे कूड़ा डाले जाने की समस्या को लेकर नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि रमेश राठी एवं कर्मवीर राठी को शिकायत सौंपकर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि कबीर बस्ती चौक पर खुले में कूड़ा डाले जाने से आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर कूड़ा जमा होने से दुर्गंध फैलती है, यातायात प्रभावित होता है और कई बार ट्रैफिक जाम तथा विवाद की स्थिति भी बन जाती है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में कूड़े के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
समिति ने मांग की कि सड़क पर कूड़ा डालने की बजाय इसे नगर परिषद के निर्धारित डंपिंग स्टेशन अथवा तय स्थान पर ही डलवाया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
शिकायत पर चेयरपर्सन प्रतिनिधि रमेश राठी और कर्मवीर राठी ने समिति को आश्वस्त किया कि कबीर बस्ती चौक पर कूड़ा डालने की व्यवस्था जल्द बंद कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया है तथा मौके पर निगरानी के लिए एक कर्मचारी की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि दोबारा वहां कूड़ा न डाला जाए।
रमेश राठी ने कॉलोनीवासियों से भी अपील की कि वे शहर को स्वच्छ रखने में नगर परिषद का सहयोग करें और निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालें।
इस दौरान संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष मोहित कुमार, एग्जीक्यूटिव सदस्य राजू किराड़, सदस्य सुनील अटकान, सेठा, भोलू, सन्नी, मुकेश, ढोल सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
फोटो-54: