पहाड़ों से दिल्ली पहुंच रही सर्द हवाओं के कारण सोमवार इस मौसम का तीसरा सबसे सर्द दिन रहा। 24 घंटे में दिन का पारा .3 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 14.3 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, रात के तापमान में .9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को दिन और रात का तापमान कमोवेश स्थिर रहेगा।
मौसम विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार का अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि रविवार को 14.6 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को यह 7.4 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह घना कोहरा छाएगा। वहीं, अधिकतम व न्यूनतम तापमान 15 व 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।