दिल्ली की एक अदालत ने कॉपीराइट उल्लंघन के मामले में रॉनी स्क्रूवाला को समन जारी किये हैं। मामला उनकी आने वाली फिल्म उरीः द सर्जीकल स्ट्राइक का है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गौरव राव ने स्क्रूवाला और फिल्म के पटकथा लेखक व निर्देशक आदित्य धर को 3 जनवरी को अदालत में पेश होने के फरमान जारी किये हैं। ये फिल्म 11 जनवरी को रिलीज होने वाली है।
कॉपीराइट उल्लंघन को लेकर याचिका नितिन ए गोखले ने दायर की है। गोखले का दावा है कि स्क्रूवाला की फिल्म उनकी किताब सीक्योरिंग इंडिया- द मोदी वे, पठानकोट, सर्जीकल स्ट्राइक्स एंड मोर पर आधारित है और इस फिल्म में जिस सामग्री का इस्तेमाल किया गया है वह जानकारी उनकी किताब में है।
गोखले का कहना है कि फिल्म में जो सामग्री उनकी मर्जी के बगैर इस्तेमाल की गई है उसे हटाया जाए। हालांकि गोखले ने यह भी बताया कि उनसे कुछ एजेंटों ने कहा था कि फिल्म बनाने वालों की तरफ उनकी किताब में दी गई जानकारी को इस्तेमाल करने की पेशकश आने वाली है लेकिन वैसे कुछ नहीं हुआ लिहाजा मामला कॉपीराइट उल्लंघन का बनता है।