सीधी बस हादसे के एक पीड़ित से मिलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
- फोटो : twitter.com/ChouhanShivraj
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को सीधी दिले में मंगलवार को हुई बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने उनके गांवों में पहुंचे और सांत्वना दी। यहां उन्होंने कहा कि इस दुख के समय में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ है और उन्हें सरकार की ओर से हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।
इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तात्कालिक रूप से रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के महाप्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक और मैनेजर... सबके निलंबित कर रहा हूं। बस नहर के रास्ते गई, उसमें सीट 32 थीं जबकि लोग 62 थे, इसलिए संबंधित आरटीओ को भी निलंबित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री चौहान ने इस दर्दनाक हादसे की वजहों को लेकर कुछ सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम की जवाबदेही किसकी है? इसका उत्तर हमें खोजना पड़ेगा। व्यवस्था सुधारने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। जिम्मदार लोगों के निलंबित किया जा रहा है। बाकी चीजें कैसे ठीक होंगी उसका इंतजाम हम कर रहे हैं।
चौहान ने दुर्घटना में मारे गए व्यक्तियों के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में सात-सात लाख रुपये के चेक भी प्रदान किए। उल्लेखनीय है कि राज्य में सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए बस हादसे में 51 लोगों की मौत हो गई थी। यह बस यात्रियों से खचाखच भरी थी।
मंगलवार रात तक 21 महिलाओं सहित 47 लोगों के शव बरामद कर लिए गए थे। सीधी के जिलाधिकारी रवींद्र कुमार चौधरी ने बताया कि मंगलवार देर रात बंद किया गया बचाव अभियान बुधवार सुबह फिर शुरू हुआ और हमने चार और शव नहर से बरामद किए हैं। इनमें एक छह महीने की बच्ची का शव भी है।
उन्होंने बताया कि तीन शव दुर्घटनास्थल से करीब 10 किमी दूर रीवा जिले के गोविंदगढ़ पुलिस थाना इलाके से नहर के एक हिस्से में मिले, जबकि एक शव करीब छह किमी दूर सीधी जिले में ही नहर में मिला। हादसा सीधी जिला मुख्यालय से करीब 80 किमी दूर पटना गांव में मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ था।