छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के आईएएस अधिकारी डा. जगदीश सोनकर की एक तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। जिले के रामानुजगंज में एसडीएम के पद पर तैनात प्रशिक्षु आईएएस ने यूं तो कानूनी रूप से कोई ऐसा गलत काम नहीं किया जिससे वो कार्रवाई के दायरे में आएं लेकिन उनके संवेदनहीन रवैये ने जरूर उन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी डा. जगदीश सोनकर बीते सोमवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान वह पोषण पुर्नवास वार्ड में भी पहुंचे। वहां अपने बच्चों के साथ मौजद महिलाओं से बातचीत के दौरान एसडीएम साहब पूरी हनक में दिखे।
उन पर अफसरशाही का नशा ऐसा था कि महिला के बेड पर जूते रखकर उनसे सवाल करने लगे। यहां कुछ देर रुकने के बाद वह निकल तो आए लेकिन अपने पीछे विवादों को छोड़ गए।
युवा आईएएस की यह तस्वीर जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद लोग जमकर उनकी लानत मलानत कर रहे हैं। हर कोई उनके इस संवेदनहीन रवैये की आलोचना कर रहा है।