बातों बातों में बढ़ गया विवाद
कस्बा सुरजपुर के केसीएस गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास के मुकेश गर्ग अपनी पत्नी और दो बच्चे के साथ किराये के मकान में रहते हैं। रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे शिप्रा (29 वर्ष) का उसके सगे 26 वर्षीय छोटे भाई से किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि भाई ने गुस्से में आकर घर में रखे लोहे के हथौड़े से शिप्रा के सिर पर वार कर दिया।
मां को भी हथौड़े से डराया
सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण शिप्रा मौके पर ही लहूलुहान हो गई। आरोपी ने बीच बचाव करने आई अपनी मां को भी हथौड़ा लेकर डराया। शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
डॉक्टर नहीं बचा सके शिप्रा की जान
पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायल शिप्रा को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। कई घंटे तक चले इलाज के बावजूद शिप्रा को बचाया नहीं जा सका और उसने दम तोड़ दिया। शिप्रा की मौत के बाद उसके परिवार में मातम छा गया है।
भाई मानसिक रूप से बीमार
पड़ोसियों का कहना है कि दोनों भाई-बहन के बीच पहले कभी ऐसा कोई झगड़ा नहीं हुआ था। युवक का मानसिक इलाज पहले से चल रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतनी भयावह घटना को अंजाम दे सकता है। घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
आरोपी को हिरासत में लिया, मानसिक बीमारी का चल रहा है इलाज
पुलिस ने आरोपी युवक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि युवक का मानसिक इलाज ग्रेटर नोएडा के शारदा हॉस्पिटल में चल रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि युवक पहले से मानसिक तनाव में था। वह बी. कॉम पास है। उसकी लालकुआं में दुकान है। हिरासत में लेने के बाद युवक के व्यवहार में अजीब बदलाव देखे गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर डॉक्टरों से राय ली जा रही है। कोतवाली प्रभारी विनोद चाहर के अनुसार हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक की मानसिक बीमारी कितनी गंभीर थी और क्या उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है।