सार
बहराइच के पाठक पुरवा गांव में सरकारी भूमि निरीक्षण के दौरान भावनात्मक दृश्य सामने आया, जब महिलाएं जमीन बचाने की गुहार लेकर एसडीएम नानपारा के पैरों पर गिर पड़ीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। प्रशासन ने जांच और न्याय का आश्वासन दिया है।
शिवपुर ब्लॉक क्षेत्र के पाठक पुरवा गांव में सरकारी भूमि के निरीक्षण के दौरान उस समय भावनात्मक माहौल बन गया, जब दर्जनों महिलाएं अपनी जमीन बचाने की फरियाद लेकर एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी के पैरों पर गिर पड़ीं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को सीडीओ की अगुवाई में प्रशासनिक टीम गांव में सरकारी जमीन की जांच के लिए पहुंची थी। ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि को सरकारी बताया जा रहा है, वह लंबे समय से उनके उपयोग में है और यदि उस पर वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण किया गया तो उनकी आजीविका पर संकट आ जाएगा।
वहीं एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि वन विभाग को सौंपे जाने के संबंध में निरीक्षण किया जा रहा था और महिलाओं ने भावुक होकर अपील की थी। फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच का भरोसा देते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।