संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। शहर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए नगर परिषद अब चौक-चौराहों के कायाकल्प की तैयारी में जुट गई है। नप की ओर से पांच प्रमुख चौक-चौराहों के सुंदरीकरण पर 1.35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। सभी चौक चौराहों का विशेष थीम पर सजाया जाएगा। इससे शहर की खूबसूरती में चार चांद लग जाएंगे।
नगर परिषद का उद्देश्य शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाना है। पहले चरण में शहर के पांच प्रमुख चौक-चौराहों को न केवल आकर्षक लुक दिया जाएगा बल्कि इन्हें हरियाणा की संस्कृति, खेल, देशभक्ति और सामाजिक संदेशों से जोड़ते हुए एक नई पहचान दी जाएगी।
चौक-चौराहों पर अलग-अलग थीम के तहत सजावट और निर्माण कार्य किया जाएगा। किसी चौक को तिरंगा थीम पर तैयार किया जाएगा, जहां राष्ट्रीय ध्वज के रंगों का आभास देने वाली लाइटिंग और संरचना होगी।
वहीं, किसी चौक को हरियाणा स्पोर्ट्स थीम के तहत सजाया जाएगा। जिसमें राज्य के खेलों के गौरव, खिलाड़ियों और खेल प्रतीकों को दर्शाया जाएगा। एक चौक को पुलिस थीम पर विकसित किया जाएगा जिसमें पुलिस की छतरी और अनुशासन व सुरक्षा का संदेश होगा। जबकि एक अन्य चौक पर शेर का प्रतीक स्थापित किया जाएगा जो शक्ति और साहस का प्रतीक होगा।
शहरवासियों का कहना है कि नप की यह पहल न केवल बहादुरगढ़ की सुंदरता बढ़ाएगी बल्कि शहर की पहचान को भी नई दिशा देगी।
इन चौक-चौराहों का होगा सुंदरीकरण
नगर परिषद की ओर से पहले चरण में पांच चौकों का सुंदरीकरण होगा। इनमें नाहरा-नाहरी रोड पर ड्रेन रोड का जंक्शन, रेलवे रोड पर विश्वकर्मा चौक के नजदीक ड्रेन चौक जंक्शन, सेक्टर-9 का एंट्री चौक, सेक्टर-2 के नजदीक झज्जर रोड का टी-प्वाइंट चौक और झज्जर रोड पर बादली चुंगी चौक शामिल हैं। इन सभी के डिजाइन फाइनल हो गए हैं। इन डिजाइनों को विशेष रूप से आर्किटेक्ट से बनवाया गया है।
यह परियोजना बहादुरगढ़ शहर की सुंदरता को बढ़ाने के साथ नागरिकों में जागरूकता भी लाएगी। चौक-चौराहों को इस तरह से डिजाइन किया जाएगा कि वे शहर की पहचान बनें और लोगों को आकर्षित करें। परियोजना पूरा होने के बाद बहादुरगढ़ की सूरत निखर जाएगी। हम शहर के चौक-चौराहों को केवल सजावट के लिए नहीं बल्कि पहचान और संदेश देने वाले प्रतीकों में बदलना चाहते हैं। पहले चरण में पांच चौक चुने गए हैं। बाद में अन्य चौक भी इसी तरह विकसित किए जाएंगे। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा और कुछ महीनों में ही इसे पूरा किया जाएगा।
-अरुण नांदल, ईओ, नगर परिषद, बहादुरगढ़।
थीम आधारित सुंदरीकरण से शहर को एक सांस्कृतिक और आधुनिक रूप मिलेगा। बहादुरगढ़ में पहली बार इस तरह की थीम आधारित परियोजना शुरू होने जा रही है। चौक-चौराहों से शहर की सुंदरता बढ़ेगी।
-सरोज राठी, चेयरपर्सन, सरोज राठी, बहादुरगढ़।
इन चौक-चौराहों यह राशि होगी खर्च
चौक का नाम
राशि
नाहरा-नाहरी रोड पर ड्रेन रोड का जंक्शन
29.99 लाख
रेलवे रोड पर ड्रेन चौक जंक्शन
14.99 लाख
सेक्टर-9 का एंट्री चौक
24.99 लाख
सेक्टर-2 में झज्जर रोड का टी-प्वाइंट चौक
29.96 लाख
बादली चुंगी चौक
34.99 लाख
कुल राशि
1:35 करोड़