बेरी। पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में एक और आरोपी विजय निवासी गोच्छी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रबंधक उप निरीक्षक विनोद ने बताया कि शिकायतकर्ता जय भगवान निवासी गांव गोच्छी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 25 अप्रैल की रात को मकान के पास गली में मनमोहन गली को उखाड़ रहा था।
जब उन्होंने उसे ऐसा करने से रोका तो मनमोहन और विजय ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जब उन्होंने पुलिस को बुलाने की बात कही तो मनमोहन घर से रिवाल्वर लेकर आया और उन पर फायर करने का प्रयास किया। इसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे पकड़ने की कोशिश की, जिससे गोली हवा में चल गई और जान बच गई। आरोपी ने दोबारा फायर करने का प्रयास किया। उप निरीक्षक राजेश कुमार की टीम ने आरोपी विजय निवासी गोच्छी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।