शराब बंदी की मांग को लेकर रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) ने नगर में बाइक जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल लोग हाथों में शराब बंदी की स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। लोग नारा लगा रहे थे कि जिस प्रदेश का मुख्यमंत्री संत हो, उस प्रदेश में दारू बंद हो। सरजू पांडेय पहुंच कर जुलूस सभा में तब्दील हो गया।
जुलूस सकलेनाबाद, मिश्रबाजार, महुआबाग, कचहरी होते हुए सरजू पांडेय पार्क में पहुंच कर सभा के रूप में तब्दील हो गया। इस अवसर जिलाध्यक्ष विनीत कुमार तिवारी ने कहा कि आज शराब के चलते अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। शराब के आदी नशे में आए दिन घरों में विवाद कर परिवार की सुख-शांति में खलल डाल रहे हैं।
घरेलू हिंसा की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। नशे में वाहन चलाने से रोज लोग दुर्घटना का शिकार होकर अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने खास कर महिलाओं से अपील किया कि चुनाव में वह उसी प्रत्याशी का समर्थन करें, जो शराब बंदी को लागू करने की बात करता हो।
कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने शराब बंदी कर एक मिसाल कायम की है। वहां शराब बंदी के बाद अपराध सहित सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं में काफी कमी आई है। जिला युवाध्यक्ष उमाकांत कुशवाहा ने कहा कि बिहार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी शराब बंदी लागू होनी चाहिए।
वजह शराब एक सामाजिक बुराई है। जुलूस में नगर अध्यक्ष शबीब रहमान, राजेश श्रीवास्तव, गोपीचंद गुप्त, अजय सिन्हा, अमित सिंह, जब्बार राईनी, आशीष यादव, मनीष, दीपू, मोनू श्रीवास्तव, मनीष तिवारी, उमाकांत मौर्य, पारितोष सिंह, राजनाथ कुशवाहा आदि मौजूद थे। संचालन उदयनारायण चौबे ने किया।