देश में एक ऐसी बस्ती है, जहां श्मशानघाट के पानी से लोगों की प्यास बुझती है। चौंक गए न जानकर। पर ये सच है और हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली इलाके में यह बस्ती मौजूद है। पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल के गृहक्षेत्र लंबी के तहत आने वाले गांव मंडी किलियांवाली में एक ऐसी बस्ती है, जहां के रहने वाले दो किलोमीटर दूर स्थित डबवाली में बने श्मशान से पानी लाकर अपनी प्यास बुझाते हैं। ऐसा पिछले सात साल से हो रहा है। अब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अधिकारी चिर निद्रा से जागे हैं।
पेयजल आपूर्ति का समाधान न होने तक रोजाना पेयजल का टैंक भेजने की बात कह रहे हैं। पढ़ेमंडी किलियांवाली की बस्ती डबवाली के कबीर नगर से सटी हुई है। बस्ती में परिवारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसके बावजूद पंजाब सरकार लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के प्रति गंभीर नहीं है। कबीर बस्ती निवासी सरोज, मनजीत कौर, विद्या देवी, संतोष, रेशम, बचनो, दुर्गा, सुनीता, रामप्यारी, कमला, सुमन, लक्ष्मण सिंह, भगवान सिंह, सुखदेव सिंह, राजू, कृष्ण कुमार, मेजर सिंह, शिवजी राम, सोनू कुमार, बाल कृष्ण, पवन गोयल, नरेश, तेजभान बांसल ने बताया कि वे लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं।
प्यास बुझाने के लिए उन्हें हर रोज दो किलोमीटर दूर राधा स्वामी सत्संग घर, एफसीआई गोदाम या फिर रामबाग में पेयजल के लिए जाना पड़ता है। लोग पीने का पानी श्मशान भूमि में लगी सरकारी सप्लाई की टोंटियों से भरकर लाने को मजबूर हैं। मंडी किलियांवाली पंचायत भी कुछ नहीं कर रही। वे परेशानी में जीवन जी रहे हैं, जबकि जन प्रतिनिधि मौज मना रहे हैं। आज तक उनकी समस्या जानने के लिए कोई नहीं आया। हालांकि कुछ समय पूर्व बस्ती तक पानी पहुंचाने के लिए पेयजल पाईप बिछाई गई थी। लेकिन आज तक पानी की एक बूंद नसीब नहीं हुई है। वे कई बार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा चुके हैं। आश्वासन के सिवा आज तक कुछ नहीं मिला।
कबीर बस्ती में पेयजल आपूर्ति को बहाल करने के लिए पंप ऑपरेटर रखे जा रहे हैं। जब तक यह व्यवस्था नहीं होती वैकल्पिक तौर पर बस्ती में पानी के टैंक
भेज जाएंगे।
-शमिंद्र सिंह, एसडीई, पंजाब स्वास्थ्य विभाग, मंडी किलियांवाली