इटावा। सड़क किनारे खड़े युवक को अनियंत्रित बाइक ने टक्कर मार दी, इससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
औरैया के दिबियापुर थाना के खरकपुर निवासी मनोज कुमार प्रजापति (45) पिछले एक साल से शहर के एसडी फील्ड नौरंगाबाद स्थित लाखन प्रजापति के मकान में किराये पर रह रहे थे। वह कचौरा रोड लुहन्ना के पास बने एक कपड़े के शोरूम में काम करते थे। बुधवार शाम करीब पांच बजे वह शोरूम के सड़क किनारे खड़े थे। तभी अचानक शहर की ओर से आ रही अनियंत्रित बाइक सवार ने मनोज को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर की रफ्तार इतनी तेज थी कि मनोज हवा में उछलकर सड़क किनारे पड़े पत्थर से जा टकराए। इसमें उनके सिर में गंभीर चोटें आ गईं। राहगीरों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उन्हें सैफई रेफर कर दिया। गुरुवार शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पत्नी पुष्पा देवी, दो बेटे विशाल और आकाश व बेटी काजल का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द आरोपी को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।