चंडीगढ़। हार्डहिटर युवराज सिंह विमान के गेट पर आए, एक क्षण के लिए ठिठके और नजरें टिका दीं सूरज की ओर। शायद उसे बताना चाह रहे थे, लो मैं अपने घर आ गया। वर्ल्डकप से बड़ी जंग जीतकर लौटे युवी को जिसने देखा उसी ने पलकों पर बिठा लिया। युवी के फैंस एकटक उन्हें देखे जा रहे थे। हर कोई उनके निकट जाकर हालचाल पूछने लगा। वर्ल्डकप के हीरो ने एयरपोर्ट पर किसी को निराश नहीं किया। जो भी आया उसके संग फोटो खिंचवाई, आटोग्राफ दिया और बातचीत भी की। युवराज ने कहा भी कि इन्हीं सबकी दुआओं ने असर किया है... थैंक्स चंडीगढ़।
युवराज सिंह करीब बारह बजे जेट एयरवेज की फ्लाइट से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे। उन्हें देखने के लिए प्रसंशकों की भीड़ लगी थी। एयर इंडिया के अधिकारी और जेट एयरवेज के ग्राउंड स्टाफ को भी शिद्दत से उनका इंतजार था। युवराज ने जैसे ही टर्मिनल में प्रवेश किया वहीं खड़ी गुरप्रीत चिल्ला पड़ीं...वो देखो युवराज सिंह। उन्होंने युवराज के फोटो भी खिंचवाई। युवराज का ड्राइवर मर्सिडीज लेकर इंतजार कर रहा था लेकिन उन्होंने अपने फैंस को पूरा समय दिया। एयर इंडिया के स्टेशन मैनेजर एमआर जिंदल एक ओर खड़े युवराज को देखे जा रहे थे। जो भी युवी को मिला उसे उन्होंने थैंक्स कहा। एक नन्हीं बच्ची युवी को दिखी तो वे उसे दुलराने लगे। जैसे ही युवी टर्मिनल के निकलने के लिए बढ़े तो बाहर भीड़ जमा देख वे रुक गए। पहले सिक्योरिटी स्टाफ को बुलाया और वहां खड़े लोगों को किनारे करने के लिए कहा। उधर, भीड़ नहीं हट रही थी और इधर युवी हौले-हौले मुस्करा रहे थे। युवी को मालूम था ये सब नहीं हटने वाले। युवराज कुछ सोचकर आगे बढ़े और बोले....क्या मुझे रास्ता मिलेगा... लोग थोड़ा खिसके और जैसे ही वह कार में बैठे...सब उनकी ओर लपक पड़े। जब युवी मनीमाजरा मार्डन कांप्लेक्स स्थित अपने घर पहुंचे तो वहां भी लोग उनसे मिलने पहुंच गए। युवी कैसे हो... बधाई हो युवी... जैसी आवाजें हर ओर से आने लगीं। युवी ने अभिवादन का बेहतरीन तरीका निकाला और अपने भाई जोरावर सिंह को लेकर बालकनी में आ गए और वहीं से बोले, थैंक्स....।
.............................................
अनुपम खेर को भी इंतजार है युवी के चौकों-छक्कों का
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बॉलीवुड स्टार अनुपम खेर भी युवराज को क्रिकेट के मैदान में फिर से चौके-छक्के लगाते देखना चाहते हैं। यह बात उन्होंने तब कही जब वह शिमला जाने के लिए चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उतरे। जिस फ्लाइट से युवराज सिंह चंडीगढ़ पहुंचे उसी से अनुपम खेर भी आए थे। युवराज टर्मिनल के भीतर खड़े थे और अनुपम खेर बाहर आ रहे थे। अनुपम ने बताया कि वह कुछ दिन पैतृक निवास शिमला में रहेंगे। उनकी फिल्म ‘मिस्टर भट्टी आन छुट्टी’ जल्द रिलीज होने वाली है। यह एक कॉमेडी फिल्म है।