नौकरी की तलाश कर रहे एक युवक को ऑनलाइन सीवी अपलोड करना भारी पड़ गया। शातिर साइबर ठगों ने साक्षात्कार और पंजीकरण के नाम पर नवीन कन्नौजे के क्रेडिट कार्ड से 2,72,600 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित रायपुर जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की प्रोफेसर कॉलोनी के निवासी हैं। इस गंभीर धोखाधड़ी के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन और पुलिस थाने में शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सएप पर भेजा फर्जी पंजीकरण लिंक
पीड़ित नवीन कन्नौजे के मुताबिक, उनको अपनी जीमेल आईडी पर Shine.com से संबंधित नौकरी का एक लिंक मिला था। उन्होंने इस लिंक को खोलकर अपना रिज्यूम अपलोड कर दिया। इसके बाद 10 अक्तूबर को सुबह करीब 10 बजे एक अनजान नंबर से उनके पास कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने रिज्यूम में दी गई जानकारी का सत्यापन किया। इसके बाद आरोपी ने उनके व्हाट्सएप पर 'Shine India' का एक लिंक भेजा और उसमें मोबाइल नंबर डालकर पंजीकरण कराने को कहा।
10 रुपये का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के बहाने ठगा
पंजीकरण कराने के बाद ठग ने साक्षात्कार के लिए आईडी बनाने का झांसा दिया। इसके लिए पीड़ित को मात्र 10 रुपये का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करने के लिए कहा गया। पीड़ित ने अपनी क्रेडिट कार्ड की जानकारी दर्ज कर दी, लेकिन उस समय उन्हें कोई ओटीपी प्राप्त नहीं हुआ। कॉल समाप्त होने के लगभग पांच मिनट बाद उनके मोबाइल और जीमेल पर ओटीपी आने शुरू हो गए। इस दौरान पीड़ित ने किसी को भी ओटीपी नहीं बताया, फिर भी उनके खाते से चार बार में पैसे कट गए।
दो क्रेडिट कार्ड से निकाली गई पूरी रकम
जालसाजों ने पीड़ित के दो अलग-अलग बैंकों के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके चार बार में पूरी राशि निकाली। ठगों ने आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 98,900 रुपये निकाल लिए। इसके अलावा एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से तीन अलग-अलग किस्तों में 98,900 रुपये, 27,900 रुपये और 46,900 रुपये की अवैध निकासी की गई। इस प्रकार शातिर ठगों ने पीड़ित नवीन के खातों से कुल 2,72,600 रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
हेल्पलाइन और थाने में दर्ज कराई शिकायत
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित नवीन कन्नौजे ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा उन्होंने एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक दोनों में भी इस ऑनलाइन ठगी के संबंध में शिकायत की। तत्पश्चात 14 अक्तूबर को पीड़ित ने पुरानी बस्ती थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके छानबीन प्रारंभ कर दी है।