छत्तीसगढ़ में एक बार मौसम ने फिर करवट बदला है। राजधानी रायपुर में गुरुवार की रात जमकर बारिश हुई। तेज अंधड़ और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच झमाझम बारिश हुई। इस दौरान कई एरिया में लाइट गुल रही है। लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हुए। रात 8:30 से 9.30 बजे लगातार बारिश हुई। वहीं कई जगहों पर बूंदाबांदी हो रही हैं। रात 10 बजे के बाद लाइट आई।
इस वजह से कई जगह रामनवमी का जश्न फीका हो गया है। बारिश के साथ तेज आंधी चल रही हैं। वहीं बादल भी जमकर गरज रहे हैं। बिजली की गर्जना से कई जगहों पर लाइट गुल हैं। इस वजह से कई जगहों पर रामनवमी के कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हो गया है। बुधवार को भी नमी बढ़ने से तेज अंधड़ के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुक्रवार तक नमी बढ़ने के कारण मौसम ऐसा ही रहेगा। प्रदेश में पिछले चार-पांच दिनों समुद्र से नमी आ रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटे में प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। दिन का पारा 37 डिग्री और रात का 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।