गंजाईपाली गांव में मंगलवार को आसमानी कहर टूट पड़ा। अचानक मौसम बदलने और बारिश शुरू होने के बाद आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं तीन बकरियां भी इस हादसे में झुलसकर मर गईं।
रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र के गंजाईपाली गांव में मंगलवार को आसमानी कहर टूट पड़ा। अचानक मौसम बदलने और बारिश शुरू होने के बाद आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं तीन बकरियां भी इस हादसे में झुलसकर मर गईं। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक आकाश किंडो (19 वर्ष) पिता सुकलाल उरांव और लिबुर केरकेट्टा (19 वर्ष) पिता बोदो केरकेट्टा रोजाना की तरह मंगलवार को बकरियां चराने ठाकुरडीपा के जंगल गए थे। दोपहर करीब तीन बजे बारिश शुरू होने पर दोनों युवक पास के महुआ पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़े हो गए। इसी दौरान अचानक गाज गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद हड़कंप
हादसे के समय नजदीक ही मवेशी चराने गईं दो महिलाएं और एक बुजुर्ग ने घटना को देखा और तत्काल गांव जाकर परिजनों को सूचना दी। परिजन जैसे ही मौके पर पहुंचे तो दोनों युवकों और बकरियों को मृत अवस्था में पाया। घटना की जानकारी मिलते ही छाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।