धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम पाइकभाठा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मां की मौत का गम बेटे से सहा नहीं गया और उसने अपनी ही मां के कफन के कपड़े को फांसी का फंदा बनाकर जान दे दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले 30 वर्षीय लेखराम ध्रुव ने मंगलवार की शाम अपने खेत के पास स्थित एक पेड़ में फांसी लगा ली। ग्रामीणों की नजर पड़ते ही घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
10 दिन पहले मां की हुई थी मौत
परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की मां का निधन सिर्फ 10 दिन पहले हुआ था। मां की मौत के बाद से ही लेखराम गहरे सदमे में था और ज्यादा लोगों से बातचीत भी नहीं करता था। आशंका है कि इसी सदमे के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। आत्महत्या के असली कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।