माता कौशल्या का मायका और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में आज से तीन दिवसीय श्रीराम श्रद्धा यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान बिलासपुर में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित श्रद्धा के नारियल एकत्र किए जाएंगे। इन नारियलों को अयोध्या धाम में ले जाकर रामलला के श्रीचरणों में समर्पित किया जाएगा। यह केवल नारियल का समर्पण नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के ननिहाल की ओर से अपने भांचा श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा, स्नेह, आशीर्वाद और समर्पण का भावपूर्ण संदेश होगा।
25 जुलाई को दोपहर बारह बजे देवकीनंदन चौक स्थित हनुमान मंदिर, तिलक नगर में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं श्रीराम वंदना के साथ यात्रा का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर मंगला क्षेत्र से आने वाला श्रद्धालुओं का विशेष जत्था भी यात्रा में शामिल होगा। यात्रा शुरू होने से पहले श्रद्धालु घर-घर जाकर पीले चावल (अक्षत) एवं सुपारी भेंट कर लोगों को इस पुण्य यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण देंगे।
क्या है उद्देश्य
इस संबंध में वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय केशरवानी ने बताया कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा में भांचा और ननिहाल का रिश्ता केवल एक पारिवारिक संबंध नहीं, बल्कि स्नेह, सम्मान, आस्था और आत्मीयता का प्रतीक है। लोकमान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम छत्तीसगढ़ के भांचा हैं। ऐसे में अयोध्या धाम स्थित रामलला के दरबार से जुड़ी चोरी की घटना ने प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं को गहराई से आहत किया है। अनेक श्रद्धालुओं ने इसे अपने भांचा श्रीराम के सम्मान और आस्था पर लगी चोट के रूप में महसूस किया। इन्हीं श्रद्धाभावों को सम्मान देने और छत्तीसगढ़ के ननिहाल की ओर से अपने भांचा श्रीराम के प्रति प्रेम, सम्मान और समर्पण व्यक्त करने के उद्देश्य से 25 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय श्रीराम श्रद्धा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
इनका कहना है
बेलतरा विधायक प्रत्याशी रहे विजय केशरवानी ने कहा कि यह यात्रा पूर्णतः श्रद्धामयी, शांतिपूर्ण एवं गैर-राजनीतिक होगी। इसका उद्देश्य किसी प्रकार का विरोध या प्रदर्शन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप अपने भांचा श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा, सम्मान और समर्पण को पूरे गौरव एवं गरिमा के साथ अयोध्या धाम तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के हर दिन की पदयात्रा के समापन पर भगवान श्रीराम को भोग अर्पित किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया जाएगा। सभी श्रद्धालुओं से आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर पदयात्रा, भोग एवं महाप्रसाद का पुण्य लाभ प्राप्त करें।
बेलतरा विधायक ने बताया कि समस्त रामभक्तों, मातृशक्ति, युवाओं एवं सर्वसमाज से भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि वे इस ऐतिहासिक एवं पावन यात्रा में सहभागी बनें। श्रद्धा का एक नारियल अर्पित कर छत्तीसगढ़ के ननिहाल की ओर से अपने भांचा श्रीराम के प्रति प्रेम, सम्मान और समर्पण का संदेश रामलला के श्रीचरणों तक पहुंचाने के इस पुण्य संकल्प में सहभागी बनें।
आज का कार्यक्रम
25 जुलाई को दोपहर 12 बजे से देवकीनंदन चौक स्थित हनुमान मंदिर, तिलक नगर से यात्रा की शुरुआत
राम सेतु पुल होते हुए हुंडई चौक, मुक्ति धाम, मार्क हॉस्पिटल, चंटीडीह किसान पारा, चिंगराज पारा , लिंगियाडीह, राजकिशोर नगर, मोपका पहुंचेंगी।
दूसरे दिन का कार्यक्रम
दूसरे दिन 26 जुलाई को मोपका से शुरू होकर बिजौर, बहतराई, खमतराई, अशोक नगर स्थित बगदाई मंदिर पहुंचेगी।
तीसरे दिन का कार्यक्रम
तीसरे दिन 27 जुलाई को कोनी से शुरू होकर बिरकोना, बैमा, महामाया मंदिर, नगोई स्थित वैष्णो देवी मंदिर पहुंचेगी। जहां तीन दिवसीय “श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा” का समापन होगा।