सरगुजा जिले में तेज रफ्तार बाइकों से हुए दो हादसों में दो युवकों की जान चली गई और दो अन्य घायल हो गए हैं। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में रिंगरोड के डिवाइडर से तेज रफ्तार बाइक के टकरा जाने से एक युवक की मौत हो गई व साथी घायल हो गया। एक अन्य घटना में बतौली के जरहाडीह पुल की रेलिंग से तेज रफ्तार बाईक के टकरा जाने से एक युवक की मौके पर मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों हादसों में बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अंबिकापुर शहर के रिंगरोड में बीती रात करीब 9.30 बजे तेज रफ्तार बाइक सवार युवक चांदनी चौक से बौरीपारा की ओर आ रहे थे। तेज रफ्तार में बाइक बौरीपारा तालाब के पास रिंगरोड के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में ग्राम हंसुली निवासी युवक संदीप कुमार 25 वर्ष की मौके पर मौत हो गई व बाइक में पीछे बैठा ग्राम करम्हा निवासी रामपाल 23 वर्ष घायल हो गया।
डायल 108 की टीम ने घायल व मृतक के शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। हादसे में संदीप तेज रफ्तार में बाइक के टकराने के बाद सड़क पर गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
रेलिंग से टकराई बाइक- एक अन्य घटना में बीती शाम सात बजे बतौली थाना अंतर्गत जरहाडीह में तेज रफ्तार हीरो स्पलेंडर बाइक पुल के रेलिंग से टकरा गई। हादसे में बगीचा जशपुर निवासी रामवतार पिता नइहर कोरवा 40 वर्ष व उसका चचेरा भाई राजकुमार कोरवा पिता संध्या कोरवा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में दाखिल कराया गया। सिंर व अंदरूनी अंगों में गंभीर चोट के कारण राजकुमार की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रामवतार को मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
हेलमेट नहीं पहनने से जा रही जान-
सरगुजा संभाग में बाइक सवारों का हेलमेट नहीं पहनना हादसों में जान जाने का कारण बन रहा है। हेलमेट की अनिवार्यता का पालन यहां बाइक सवार नहीं करते और हादसों की स्थिति में सिर में चोट जान- जाने का कारण बन रही है। बीती शाम हुए दोनों हादसों में किसी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।