छत्तीसगढ़ में राशनकार्डधारियों के लिए राहत की खबर है। सितंबर 2026 के खाद्यान्न वितरण की अवधि अब 15 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। बारिश और अन्य कारणों से 30 सितंबर तक सभी राशनकार्डधारियों को राशन वितरित नहीं हो पाने की स्थिति को देखते हुए राज्य शासन ने यह फैसला लिया है।
खाद्य विभाग के मुताबिक 29 सितंबर 2026 तक राज्य के 71 लाख राशनकार्डधारियों को सितंबर माह का 90 प्रतिशत चावल वितरित किया जा चुका है। शेष राशनकार्डधारियों को भी उचित मूल्य दुकानों के जरिए खाद्यान्न देने की प्रक्रिया जारी है।
अक्टूबर का राशन 31 अक्टूबर तक मिलेगा
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सितंबर और अक्टूबर 2026 के लिए खाद्यान्न का आबंटन जारी किया जा चुका है। सितंबर का खाद्यान्न प्रदेश की उचित मूल्य दुकानों में भंडारित किया जा चुका है। सितंबर माह का राशन अब 15 अक्टूबर 2026 तक लिया जा सकेगा। वहीं अक्टूबर माह का चावल वितरण 31 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा।
सभी जिलों में हो रही निगरानी
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार राशनकार्डधारियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना राज्य शासन की प्राथमिकता है। सितंबर माह के वितरण की स्थिति की सभी जिलों में नियमित निगरानी की जा रही है। उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को राशन लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।
हितग्राहियों से समय पर राशन लेने की अपील
विभाग ने राशनकार्डधारियों से अपील की है कि जिन लोगों ने अभी तक सितंबर माह का खाद्यान्न नहीं लिया है, वे 15 अक्टूबर की अंतिम तारीख से पहले अपनी उचित मूल्य दुकान से राशन प्राप्त कर लें।