प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि हमारे वैज्ञानिक विश्व में सर्वश्रेष्ठ हैं। हमारा इसरो अंतरिक्ष विज्ञान का सबसे बड़ा केंद्र है। आज सारी दुनिया ने भारत और उसके अनुसंधान संस्थान इसरो का लोहा मान लिया है। हमारे वैज्ञानिक कभी हार नहीं मानते। पिछली विफलता ने हमें दुखी अवश्य किया था लेकिन हम हताश नहीं हुए। क्योंकि हमारा नेतृत्व हार को जीत में बदलने का मंत्र देता है। हम आपदा में अवसर तलाशते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पिछली विफलता जब चंद्रयान-2 की अंतिम समय में तकनीकी दिक्कत से हमारे सामने आई, तब हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैज्ञानिकों का मनोबल बढ़ाया। जिसका सार्थक परिणाम सामने आया है कि आज हम स्पेस टेक्नोलॉजी के सबसे चमकदार सितारे बन चुके हैं। आज भारत के मुकाबले कोई भी नहीं है। जब नेतृत्व सक्षम हो तो उससे वैज्ञानिकों को संबल मिलता है। हमारे वैज्ञानिकों में कभी कोई कमी नहीं रही। लेकिन भारत के राजनीतिक नेतृत्व में वैज्ञानिकों को दुनिया का सिरमौर बनाने का माद्दा नहीं था। आज सक्षम नेतृत्व है और हमारे सक्षम वैज्ञानिक दुनिया के सामने एक मिसाल पेश कर चुके हैं।
प्रदेश भाजपा सह प्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि आज इसरो ने जो सफलता अर्जित की है, वह आने वाले समय में भारत को और अधिक मजबूत बनाने की प्रेरणा दे रही है। हमारे वैज्ञानिक चंद्रमा पर जीत दर्ज करने के बाद अब दुनिया को अंतरिक्ष की जो जानकारी देंगे, वह भारत ही कर सकता था और भारत ने कर दिया।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने देश की 140 करोड़ जनता का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। भारत का मस्तक और ऊंचा हुआ है। भविष्य में हमारे वैज्ञानिक ऐसी ही उपलब्धियां अर्जित करते रहेंगे, जिन्हें देखकर दुनिया दांतों तले उंगली दबा लेगी। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा महामंत्री द्वय ओपी चौधरी, विजय शर्मा, भाजपा मीडिया समिति संयोजक रसिक परमार, घोषणा पत्र समिति सदस्य पंकज झा, मीतुल कोठारी सहित बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।