रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। टिकरापारा इलाके में एक युवक को जबरन उठाकर ATM ले जाने और उसके खाते से नकदी निकलवाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पीड़ित युवक की पहचान कुशालपुर निवासी विशाल सोनकर के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत है। बताया गया कि 8 मई को वह अपने काम से शंकरनगर की तरफ जा रहा था। रास्ते में साहू भवन के पास स्थित एक पान दुकान पर रुकने के दौरान तीन युवकों ने उससे विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि बदमाशों ने पहले युवक से गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपी उसे जबरदस्ती उसकी मोपेड पर बैठाकर नजदीकी ATM तक ले गए। वहां भी युवक को धमकाते हुए उसके खाते से 10 हजार रुपए निकलवा लिए गए। पैसे लेने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। किसी तरह पीड़ित टिकरापारा थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उस पर पांच से ज्यादा अपराध दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए जिला बदर की कार्रवाई के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है। फिलहाल फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।