छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा शुक्रवार को रायपुर और खरोरा के बीच भीषण सड़क हादसे में घायल हो गईं। इस हादसे में कार में सवार उनका बेटा, गनमैन और चालक भी गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्यसभा सांसद के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। इसके अलावा उनके वाहन चालक के सीने और हाथ में गंभीर चोट आई है। दुर्घटना होते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े।
ये भी पढ़ें-
छत्तीसगढ़: शराब घोटाले का आरोपी विकास अग्रवाल UAE से भारत लाया गया, 1280 करोड़ रुपये से अधिक के हेरफेर का आरोप
कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में एक कार्यक्रम में भाग लेकर कार से वापस रायपुर लौट रही थीं। इसी दौरान खरोरा के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना के समय कार के अंदर सांसद के अलावा उनका बेटा, गनमैन और चालक समेत कुल चार लोग मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही खरोरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी जुटा रही है।
उसी मार्ग पर हुई एक और दुर्घटना
सांसद के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से कुछ समय पहले ही इसी मार्ग पर एक अन्य हादसा भी हुआ था। रायपुर से खरोरा जा रही एक कार और खरोरा से रायपुर की तरफ आ रहे ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भिड़ंत में भी कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सक उनका उपचार कर रहे हैं।