गोरखपुर से भाजपा सांसद रविकिशन ने कांग्रेस और भूपेश सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आज आप गूगल में टाइप कीजिए 508, जवाब आएगा- भूपेश बघेल। जनता समझ चुकी है कि भूपेश बघेल मतलब 508। महादेव ऐप के सूत्रधार ने खुलासा कर दिया है कि उसने भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपए दिए हैं। महादेव ऐप के सूत्रधार शुभम सोनी के सनसनीखेज खुलासे की चर्चा करते हुए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला बोलते हुए भाजपा सांसद रविकिशन ने कहा कि महादेव ऐप के तार सीधे मुख्यमंत्री और उनके नजदीकियों से जुड़े हैं।
रविकिशन ने बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश की भूपेश सरकार के शराब, कोयला समेत तमाम घोटालों की चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के इन घोटालों की बदनामी तो बॉलीवुड में भी पहुँच गई है। रेल से रायपुर आते समय फिल्म निर्माता ने फोन पर उनसे कहा कि हमें अब लंबे समय तक कहानियों की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि छत्तीसगढ़ की सरकार की घपलों-घोटालों की ढेरों कहानियाँ हमारे पास पहुँच गई है। 'लबरा राजा' शीर्षक से बनी एक वेब सीरीज के कुछ अंशों का प्रदर्शन कर भाजपा सांसद ने कहा कि एक फिल्म निर्माता ने इस पर सीरीज बनाई है जो छत्तीसगढ़ में काफी देखी जा रही है।
रविकिशन ने कहा कि अब हमारा स्पष्ट कहना है कि यह जो शुरुआती 5,000 करोड़ रुपए का महादेव ऐप घोटाला है जिसके जरिये छत्तीसगढ़ की जनता को लूटा गया है और इतना ही नहीं शुभम को दुबई भेजकर सट्टे का कारोबार बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। यह स्पष्ट हो चुका है कि सत्ता के संरक्षण में महादेव ऐप ने जन्म लिया और फला-फूला है। भाजपा सांसद ने कहा 'मैं बाबा की नगरी गोरखपुर से बाबा का स्पष्ट संदेश लेकर आया हूं कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश का पैसा लूटने वालों के खिलाफ भाजपा का बुलडोजर चलेगा।'
भाजपा सांसद रविकिशन ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार ने पांच साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ को लूटकर बर्बाद कर दिया, नोच डाला। छत्तीसगढ़िया के भोलेपन के साथ विश्वासघात किया है। भाजपा के 15 वर्षों के शासनकाल में छत्तीसगढ़ जिस ऊंचाई पर पहुंचा था, कांग्रेस की सरकार ने पांच साल में उससे कहीं ज्यादा नीचे गिरा दिया। रविकिशन ने भाजपा के घोषणा पत्र 'मोदी की गारंटी' की चर्चा करते हुए कहा कि इस गारंटी को लेकर हमने संकल्प लिया है कि छत्तीसगढ़ में सरकार बनते ही पहले कैबिनेट बैठक में 18 लाख घरों का निर्माण पूरा करने के लिए राशि आवंटित करेंगे।
भाजपा सांसद ने कहा कि देश की आदिशक्ति को सशक्त करने के लिए हमने राज्यसभा और लोकसभा में बिल लाकर महिलाओं को 33% आरक्षण सुनिश्चित किया ।शीघ्र विधानसभा में और लोकसभा में महिलाएं अपने निर्णय लेकर देश का नेतृत्व करती दिखेंगी। यह भाजपा की विकासवादी सोच का परिचायक है और मोदी जी की गारंटी है। उन्होंने दावा किया कि तीन दिसंबर को छत्तीसगढ़ में चहुं ओर कमल खिलेगा और भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।