राजधानी रायपुर में बढ़ती नशीले पदार्थों की गतिविधियों और संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को नए सिरे से तैयार किया है।
राजधानी रायपुर में बढ़ती नशीले पदार्थों की गतिविधियों और संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को नए सिरे से तैयार किया है। पुलिस कमिश्नर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत विशेष टीम का पुनर्गठन करते हुए उसे व्यापक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विज्ञापन
नई ANTF टीम में कुल 11 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। टीम की कमान निरीक्षक सुनील दास को सौंपी गई है, जबकि उनके साथ एक उप निरीक्षक, दो हवलदार और सात आरक्षक तैनात किए गए हैं। यह टीम राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार तथा अपराध से जुड़े नेटवर्क पर नजर रखेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टीम को खुफिया जानकारी जुटाने, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी करने और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों से समन्वय स्थापित कर नशे के कारोबार से जुड़े मामलों में विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
विज्ञापन
पुलिस मुख्यालय का मानना है कि पुनर्गठित टास्क फोर्स के सक्रिय होने से नशे के अवैध नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया जा सकेगा। आने वाले समय में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाकर मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।