फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायपुर केंद्रीय जेल में सुरक्षा का हाई अलर्ट: बंदियों से लेकर कर्मचारियों तक की होगी सघन तलाशी

Fri, 13 Nov 2026 06:28 PM IST
अमन कोशले न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायपुर

सार

रायपुर केंद्रीय जेल में गांजा और मोबाइल फोन की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जेल प्रशासन ने बंदियों, कर्मचारियों, मुलाकातियों और जेल परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन तलाशी के निर्देश जारी किए हैं।
विज्ञापन
रायपुर केंद्रीय जेल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रायपुर केंद्रीय जेल में मादक पदार्थों और मोबाइल फोन की तस्करी की कोशिशों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। कपड़ों में सिलकर गांजा और मोबाइल भीतर पहुंचाने के मामलों के बाद अब जेल प्रशासन ने बंदियों से लेकर कर्मचारियों तक की सख्त तलाशी लेने का फैसला लिया है। जेल अधीक्षक ने विस्तृत आदेश जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इन नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन


परिजनों और पेशी से लौटने वालों की सघन जांच
आदेश के अनुसार, जेल में बंद बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों तथा परिचितों को बिना सघन जांच के भीतर प्रवेश नहीं मिलेगा। मुलाकात कक्ष में मुलाकातियों के साथ ही उनके द्वारा लाए जाने वाले सामान की भी बारीकी से पड़ताल की जाएगी। अदालत में पेशी के लिए बाहर जाने और वहां से वापस जेल लौटने वाले बंदियों की भी मुख्य द्वार पर कड़ी तलाशी ली जाएगी। पूर्व में जारी सुरक्षा प्रक्रियाओं को अब अधिक मुस्तैदी और सख्ती के साथ लागू किया जा रहा है।

वाहनों के प्रवेश पर दो स्तरीय सुरक्षा घेरा
जेल परिसर के भीतर आने वाले सभी वाहनों की जांच के लिए दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तय की गई है। परिसर में प्रवेश करने वाले किसी भी वाहन की पहली जांच गार्ड प्रभारी करेंगे। इसके बाद मुख्य द्वार पर तैनात गेट कीपर, मुख्य प्रहरी और प्रहरी मिलकर वाहन के साथ-साथ उसके चालक की भी बारीकी से तलाशी लेंगे। इन दोनों स्तरों पर सुरक्षा जांच पूरी होने के पश्चात ही किसी भी वाहन को जेल के अंदर प्रवेश दिया जाएगा।
विज्ञापन


बैरकों का निरीक्षण और कर्मचारियों की भी तलाशी
जेल प्रशासन ने बंदियों की बैरकों और उनके सामान की नियमित रूप से सघन तलाशी लेने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जेल के अंदरूनी परिसरों का भी लगातार निरीक्षण किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के उद्देश्य से जेल परिसर में तैनात मुख्य प्रहरी और अन्य सिविल कर्मचारियों को भी जेल द्वार पर आने और जाने के समय अनिवार्य रूप से तलाशी से गुजरना होगा। तलाशी के दौरान यदि किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री मिलती है या जब्त की जाती है, तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना देनी होगी। उप जेल अधीक्षक को इन सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें