देश के कई राज्यों में बारिश का कहर जारी है। छत्तीसगढ़ में भी पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। राज्य के रायपुर सहित अन्य हिस्सों में बारिश से लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इसके चलते प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 2 से 3 दिनों तक बारिश से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। इसे देखते हुए रायपुर दुर्ग और धमतरी के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।
मौसम विभाग ने राज्य के चार जिलों रायपुर, बस्तर, दुर्ग और बिलासपुर मे 24 घंटे का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं इस अलर्ट के बाद राज्य के सबसे बड़े गंगरेल बांध के 11 गेट खोल दिए गए हैं। इससे महानदी के किनारे बसे जिलों महासमुंद, रायपुर, गरियाबंद, जांजगीर, बिलासपुर और रायगढ़ में बाढ़ आने की आशंका है। वहीं दूसरी ओर रायपुर से गरियाबंद, जगदलपुर और दंतेवाड़ा से संपर्क कट गया है।