रायगढ़ के मातृ शिशु अस्पताल का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अस्पताल के लेबर वार्ड में कुछ पुरुष खर्राटे मारते दिख रहे हैं। अस्पताल के अधीक्षक तक मामला पहुंचने पर जांच शुरू हो गई है।
रायगढ़ के 100 बिस्तर मातृ शिशु अस्पताल के लेबर वार्ड में पुरुषों के सोने का वीडियो सामने आया था। वार्ड में सोने वाले पुरुष खुद को अटेंडर बता रहे थे। अब वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है।
विज्ञापन
इसकी जांच करेंगे। इसके साथ ही सुरक्षा गार्ड बढ़ाने के लिए पत्राचार किया जाएगा। मरीजों के साथ आने वाले लोगों ने बताया कि रात को इस तरह का ही माहौल रहता है। मरीजों की सुरक्षा को लेकर स्थिति ठीक नहीं है।
वीडियो वायरल होने के बाद जब मौके पर पहुंचे तब मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ पुरुष वहां जबरन सो रहे थे। वह सभी खुद को अटेंडर बता रहे थे। पूरे मामले में मातृ शिशु अस्पताल के अधीक्षक अशोक अग्रवाल ने बताया कि इस तरह का मामला उनके संज्ञान में आया है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्ड बढ़ाने के लिए पत्राचार किया गया है। कहा कि रात के समय अटेंडर बाहर रुकें, मरीजों के साथ जो महिला रहती है उन्हें भी बेड पर सोने से मना किया जाता है। वार्ड में घुसना पुरुषों के लिए पूरी तरह से प्रतिबंधित है। उनके लिए प्रतीक्षालय बनाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।